करौली में गुडला ग्राम पंचायत के सिलपुरा और बल्लूपुरा गांव के ग्रामीणों ने नए परिसीमन का विरोध करते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्र ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपने गांवों को गुडला ग्राम पंचायत में ही बनाए रखने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि नए परिसीमन में कुछ लोग उनके गांवों को गुडला से हटाकर माची ग्राम पंचायत में जोड़ने की योजना बना रहे हैं। इस कदम से स्थानीय निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। गुडला पंचायत जहां उनके गांवों के पास है, वहीं माची पंचायत जाने के लिए उन्हें नदी पार करनी होगी। ग्रामीणों का कहना है कि माची ग्राम पंचायत न केवल दूर है, बल्कि वहां तक पहुंचने के लिए भौगोलिक परिस्थितियां भी प्रतिकूल हैं। इससे छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने नए परिसीमन में अपने गांवों की स्थिति यथावत रखने की मांग को लेकर कलेक्टर से गुहार लगाई है।


