ग्राम प्रधान महासभा ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर लोगों का कल्याण करने का लिया संकल्प

ऐतिहासिक खरसावां शहीद स्थल पर एक जनवरी 1948 के गोलीकांड में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला दिनभर जारी रहा। इसी क्रम में ग्राम प्रधान महासभा के बैनर तले जिले भर से आए ग्राम प्रधानों ने पारंपरिक रिवाजों के साथ शहीदों को नमन किया। ग्राम प्रधान महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष विशु हेंब्रम के नेतृत्व में खरसावां शहीद स्थल पहुंचे ग्राम प्रधानों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शहीदों की कुर्बानी को याद किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पूरे दिन पक्ष एवं विपक्ष के कई नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की उपस्थिति बनी रही। शहीद स्थल पर जनसैलाब उमड़ा रहा और हर वर्ग के लोग शहीदों के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट करते नजर आए। ग्राम प्रधान महासभा के सदस्यों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित कर क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा का निर्वहन किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष विशु हेंब्रम ने कहा कि खरसावां गोलीकांड के शहीदों का बलिदान इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है और यही कारण है कि प्रत्येक वर्ष ग्राम प्रधान महासभा द्वारा सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। उन्होंने शहीदों की कुर्बानी से प्रेरणा लेने और उनके सपनों के अनुरूप समाज निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी ग्राम प्रधानों ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने गांव-समाज के विकास, आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और लोगों के कल्याण के लिए ईमानदारी से कार्य करने का प्रण लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।इस मौके पर ग्राम प्रधान महासभा के जिला अध्यक्ष सूरज लाल महतो,दुर्योधन प्रधान,केंद्रीय महासचिव सोंबो कुमार राउत, महासचिव श्यामलाल पांडे, केंद्रीय सचिव नागेन सिंह मुंडा, मंगला उरांव ,केंद्रीय सचिव राजेंद्र नाथ, केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ महतो, सचिव खालिद खान, देवेंद्र नाथ, योगेश्वर सरदार, अश्वनी सिंहदेव, जंबोदर, नदिया हेंब्रम, गोरायचंद्र हेंब्रम, राणा सिंहदेव, प्रवीर प्रताप सिंह, शिव टुडू, मेघ राय, महेंद्र, रामपद, रायसेन पूर्ति, सुरेश हेंब्रम, सिमरन, महेंद्र दिगी, रविंद्र, महेश प्रधान, तारापद, रोहित, नंदलाल, विजय बोदरा, जगदीश प्रधान एवं जोगेंद्र हांसदा सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *