बड़बिल टाइगर ने ओएमसी टीम को पराजित कर ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

ओडिशा के क्योंझर जिला बड़बिल नगर के विकास महल में प्रथम अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने भाग लिया, जिनमें जिले के 16 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ी शामिल थे। फाइनल मुकाबला बड़बिल टाइगर और ओएमसी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़बिल टाइगर ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 161 रन बनाए। टीम के कप्तान अंगद सिंह लोटिया ने 34 गेंदों में एक छक्का और सात चौकों की मदद से सर्वाधिक 39 रन बनाए। उनके साथ ओपनर देवांशु रंजन ने 21 रन और साई शाश्वत खूंटिया ने 33 रन की जुझारू पारी खेली। ओएमसी की ओर से गेंदबाज किशन बिन ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अभय सिंह और दीपक विश्वकर्मा ने दो-दो विकेट, जबकि रोहित और दिव्यांशु ने एक-एक विकेट लिया। 162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ओएमसी की टीम ने शुरुआती झटके झेले। मध्यक्रम में सूरज कुमार साहू ने 14 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 25 रन बनाए। इसके बाद आलोक कुमार केशरी ने 36 गेंदों में 56 रन की आक्रामक अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें तीन छक्के और सात चौके शामिल थे। कृष्ण बिन ने 24 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके और बड़बिल के गेंदबाजों के सामने ओएमसी की पूरी टीम 19.4 ओवर में 148 रन पर सिमट गई। बड़बिल टाइगर के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। आयुष कुमार केशरी ने 3.4 ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट लिए। सावन कुमार साहू और एमडी शहाबुद्दीन ने दो-दो विकेट, जबकि कुनाल ने एक विकेट प्राप्त किया। विजेता टीम बड़बिल टाइगर को ट्रॉफी प्रदान की गई और उपविजेता ओएमसी टीम को भी सम्मानित किया गया। ओएमसी के आलोक कुमार केशरी को उनकी शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। अन्य खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़बिल एसडीपीओ देवेंद्र नाथ पिंगुआ मुख्य अतिथि रहे। साथ ही परिवहन विभाग के विश्वरंजन साहू, रिद्धिकोन लॉजिस्टिक्स के सोनू गुप्ता तथा भाजपा बड़बिल मंडल अध्यक्ष परिमल चटर्जी भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के प्रमुख आयोजक चंद्रकांत दास ने कहा कि ड्यूज़ बॉल से खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है और भविष्य में ऐसे कई अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *