भास्कर न्यूज| चाईबासा सरकारी विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश को देखते हुए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निदेशक द्वारा स्कूली बच्चों के शैक्षणिक उन्नयन को लेकर ग्राम शिक्षा संगम कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया गया है। इसी के आलोक में सदर प्रखंड, चाईबासा अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टेकासाईं में ग्राम शिक्षा संगम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में शिक्षा का माहौल बनाना व बच्चों को स्कूल बंद रहने के दौरान भी अध्ययन में सक्रिय बनाए रखना है। इसके तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टेकासाईं के पोषक क्षेत्र में प्रभारी प्रधानाध्यापिका संध्या एल. होरो, शिक्षक सुनील कुमार पासवान, राजा राय व शिक्षिका कविता गागराई, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं अभिभावकों की मौजूदगी में पोषक क्षेत्र के अंतर्गत गांव व टोला में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कई प्रकार की गतिविधियों में बच्चों ने लिया भाग : ग्राम शिक्षा संगम के तहत बच्चों के बीच कई तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें किताब पठन, कहानी, एफएलएन, विज्ञान के प्रयोग, संख्या ज्ञान, खेल गतिविधि व नाम कार्ड के जरिए मजेदार गतिविधियां गांव के चीजों पर नाम की लेबलिंग, अभिभावकों द्वारा बच्चों को कहानियां सुनाना व अन्य कार्यक्रम आयोजित की गई। प्रभारी ने मौजूद लोगों को कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के बीच शिक्षाप्रद वातावरण बनाना, अवकाश अवधि में बच्चों को शैक्षिक गतिविधि में शामिल करना, पढ़ने की संस्कृति विकसित करना, विभाग की ओर से चलाये जा रहे विभिन्न शिक्षा अभियानों के प्रति लोगों में जागरूकता के साथ बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अवकाश के दौरान पढ़ने की आदत को विकसित करनी हैं। नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों को खेल-खेल में सीखने-सिखाने की ओर अग्रसर करना। ग्राम शिक्षा संगम कार्यक्रम में विद्यालय के पोषक क्षेत्र की महिला, पुरुष व बच्चों ने बहुत ही उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सीआरपी एवं स्वयंसेवी संगठन के सदस्य ने भी काफी सहयोग व कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों को पोषक क्षेत्र में प्रचार करने में भूमिका निभाई।


