भास्कर न्यूज| सरायकेला सरायकेला–खरसावां जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को सरायकेला शहर के गैराज चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट के ड्राइव कर रहे बाइक सवारों गांधीगिरी के तहत स्वागत करते हुए हाथों में गुलाब थमाया गया। यह अभियान सड़क सुरक्षा पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी ने किया। कार्यक्रम में ट्रैफिक इंस्पेक्टर एवं सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अभियान के दौरान वाहन चालकों, दोपहिया सवारों, ऑटो चालकों और आम राहगीरों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग से बचने तथा ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ‘गुड समैरिटन’ कानून की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वालों को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।


