भास्कर न्यूज| भगत देवरी ग्राम पंचायत ढाबाखर में वीबी-जी राम जी (विकसित भारत रोजगार व आजीविका मिशन–ग्रामीण) के अंतर्गत विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्रामवासियों को इस महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी दी गई। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सर्वप्रथम गांव को विकसित किया जाएगा। ग्रामवासियों ने गांव की विभिन्न ज्वलंत व मानवीय समस्याओं को गंभीरता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम के स्कूल भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर है और बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इस संबंध में शासन-प्रशासन को आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी प्रकार किसानों को खेत से मंडी तक धान ले जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है। सड़क निर्माण, सुधार के लिए कई बार आवेदन प्रस्तुत किए गए, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही पुल-पुलिया निर्माण के लिए भी कई बार आवेदन दिए गए, परंतु संबंधित विभाग द्वारा कोई पहल नहीं की गई, जिससे विशेषकर बरसात के समय आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। जल जीवन मिशन के कार्यों के दौरान गली-मोहल्लों को तोड़कर छोड़ दिया गया, लेकिन आज तक मरम्मत व सुधार कार्य नहीं किया गया। मुक्तिधाम के लिए गांव में जगह नहीं गांव में मुक्ति धाम (श्मशान/दाह स्थल) की समुचित व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में अंतिम संस्कार करना अत्यंत कठिन हो जाता है, जिससे परिजनों को भारी मानसिक व सामाजिक पीड़ा सहनी पड़ती है। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि उपरोक्त सभी विषयों पर संबंधित विभागों को पुनः प्रस्ताव भेजकर शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।


