ग्वालियर में बुधवार शाम जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। दरअसल, पुलिस जब मारपीट और पथराव के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने लाई तभी पेशी के दौरान फरियादी वकील और आरोपी आमने-सामने आ गए, जिसके बाद तीखी बहस शुरू हो गई और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। हंगामे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में वकील न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में इकट्ठे हो गए और आरोपियों को घेर लिया। उन्हें कोर्ट परिसर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा था। हालात बिगड़ते देख शहर के चार से पांच थानों से अतिरिक्त पुलिस बल कोर्ट बुलाया गया। इधर, बार एसोसिएशन अध्यक्ष पवन पाठक भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं एसडीएम अतुल सिंह ने भी स्थिति संभालने के लिए कोर्ट परिसर का जायजा लिया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने किसी तरह आरोपियों को बाहर निकाला, हालांकि इसके बावजूद वकीलों ने उनके साथ मारपीट कर दी। ग्वालियर के जिला एवं सत्र न्यायालय में बुधवार शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब माधौगंज थाना पुलिस मारपीट और पथराव के मामले में गिरफ्तार आरोपी धीरज शर्मा और नीरज शर्मा को न्यायिक पेशी के लिए कोर्ट लेकर पहुंची। कोर्ट पहुंचते ही इस मामले की फरियादी वकील अक्षिता सिंह अपने पति मनीष और 7-8 अन्य वकीलों के साथ वहां आ गईं। कोर्ट परिसर में दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। वकीलों की मांग थी कि आरोपियों को उनके हवाले किया जाए, जबकि पुलिस ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हंगामे व झूमाझटकी की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ने पर कोर्ट के दरवाजे बंद कर सभी को बाहर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। स्वयं एएसपी अनु बेनीवाल और एसडीएम अतुल सिंह भी कोर्ट परिसर पहुंचे। इस दौरान करीब आधा सैकड़ा से अधिक वकील वहां जमा हो गए। जब पुलिस न्यायिक पेशी के बाद आरोपियों को बाहर निकाल रही थी, उसी समय वकीलों और आरोपियों के बीच फिर से झूमाझटकी हो गई। जानकारी यह भी सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच आपसी मारपीट हुई है। बार पदाधिकारियों ने वकीलों को समझाया कोर्ट में हंगामा बढ़ने की सूचना मिलते ही हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन पाठक अन्य पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वकीलों को समझाइश दी और संयम बरतने की अपील की। हालांकि समझाने के बावजूद स्थिति पूरी तरह शांत नहीं हुई। इसके बाद भी कोर्ट के ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद वकीलों ने आरोपियों को घेर लिया, जिससे कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा। यह है पूरा विवाद
शहर के माधौगंज थाना स्थित जामदार रखाना दर्जी ओली निवासी 36 वर्षीय अक्षिता सिंह पत्नी मनीष वकील हैं। उनका संपत्ति को लेकर पड़ोसी नीरज उर्फ नवीन शर्मा, धीरज शर्मा, सूरज शर्मा व हेमा शर्मा से विवाद चल रहा है। मंगलवार रात 8.30 बजे अक्षिता के घर पर इन सभी ने पथराव कर दिया। जिसमें उनका कर्मचारी व परिवार के लोग घायल हो गए थे। मामले की शिकायत उन्होंने माधौगंज थाना में की थी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने हमला करने वाले आरोपी धीरज शर्मा व नीरज उर्फ नवीन को गिरफ्तार कर लिया था। इनको बुधवार को कोर्ट लेकर पहुंचे थे तभी यह विवाद हो गया। पुलिस का कहना
इस मामले में सीएसपी हिना खान ने बताया है कि माधौगंज में एक एफआईआर रजिस्टर्ड हुई थी। दो पक्षों का आपसी विवाद था। जिसमें दो आरोपी को पकड़ा गया था। न्यायालय ने उनको न्यायिक हिरासत में भेजा था। वकील आ गए थे उनको अपना पक्ष रखना था। जिस पर आरोपियों को सुरक्षित निकालकर ले गए हैं और जेल भेज दिया है।


