ग्वालियर में चेकिंग के दौरान ट्रैफिक कांस्टेबल को कार से टक्कर मारकर घसीटने की घटना सामने आई है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित निजी मॉल के सामने तिराहे पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक कांस्टेबल ने एक कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। टक्कर लगने के बाद कांस्टेबल करीब 100 मीटर तक कार के बोनट पर घसीटता चला गया। यह घटना बुधवार–गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे की है। घटना पास में स्थित होटलों और निजी मॉल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। हालांकि अभी फुटेज सामने नहीं आया है, पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है। एसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। झांसी रोड ट्रैफिक थाने में पदस्थ सिपाही रवि विमल की शिकायत पर पुलिस ने सफेद रंग की अमेज कार क्रमांक MP-07-CJ-1124 के चालक 19 वर्षीय अंकित गुर्जर पुत्र केशव सिंह गुर्जर निवासी कल्याणपुरा राऊपुरा, थाना गोरमी जिला भिंड, उसके दोस्त 35 वर्षीय मुनेंद्र पुत्र स्व. विजय राम सिंह भदौरिया निवासी हरिछा, थाना गोरमी जिला भिंड और 26 वर्षीय सोहेल खान पुत्र राशिद खान निवासी गोहद जिला भिंड को गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि तीनों मजदूरी का काम करते हैं। गाड़ी जीजा से मांगकर लाया था आरोपी पुलिस पूछताछ में गाड़ी चला रहे आरोपी अंकित गुर्जर ने बताया कि वह अपने दोनों दोस्तों के साथ स्टेशन बजरिया में खाना खाने आया था। कार उसके जीजा धर्मेंद्र गुर्जर निवासी गोरमी की है, जिसे वह मांगकर लाया था। चेकिंग के दौरान हुई घटना सिपाही रवि विमल 4 फरवरी की रात स्टेशन बजरिया के पास स्थित तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान बस स्टैंड की ओर से सफेद रंग की अमेज कार आती दिखाई दी। सिपाही ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। टक्कर लगने से सिपाही रवि विमल कार के बोनट पर गिर गया, इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।
रेस कोर्स रोड पर गिरा सिपाही ड्राइवर ने रेस कोर्स रोड की ओर तेज मोड़ लिया, जिससे झटका लगने पर कॉन्स्टेबल सिर के बल सड़क पर गिर गया और घायल होकर बेहोश हो गया। तब तक कार चालक मौके से फरार हो चुका था। पास में मौजूद पड़ाव थाना पुलिसकर्मियों ने घायल आरक्षक को सड़क से हटाकर किनारे किया। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पड़ाव थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए फरार कार, चालक और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


