ग्वालियर में घने कोहरे का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह से दोपहर तक हाईवे पर दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई। इसी दौरान कश्मीर से सेब भरकर तमिलनाडु जा रहा एक ट्रक घने कोहरे में डिवाइडर नहीं देख पाया और उससे टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्लीनर और ट्रक मालिक घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जम्मू-कश्मीर से ट्रक में ताजा सेब लेकर 35 वर्षीय चालक सोहिल, पिता बशीर अहमद वानी, निवासी ओरियल कोंड, कुलगाम, तमिलनाडु के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ क्लीनर मोहम्मद सलीम, पिता निसार अहमद और ट्रक मालिक भी मौजूद थे। शुक्रवार को आगरा–झांसी हाईवे पर सिरोल स्थित मेहरा टोल से पहले घना कोहरा छाया हुआ था। कम दृश्यता के कारण डिवाइडर नजर नहीं आया और तेज रफ्तार ट्रक उससे टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक ट्रक के नीचे कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घने कोहरे के चलते अन्य वाहन भी ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल ट्रक मालिक व क्लीनर को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायल बोले- हाईवे पर कोहरे में कुछ नजर नहीं आ रहा था हादसे में घायल क्लीनर सलीम ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि घटना के समय घना कोहरा छाया हुआ था और हाईवे पर आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। हम कश्मीर से सेब लेकर तमिलनाडु जा रहे थे। सेब खराब न हो जाएं, इसलिए समय पर पहुंचने की जल्दबाजी में कोहरा छंटने का इंतजार नहीं किया, जिससे यह हादसा हो गया। सीएसपी अतुल कुमार सोनी ने बताया- कोहरा में शुक्रवार सुबह एक हादसा हुआ है। सेब से भरा ट्रक डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हाे गई है, जबकि क्लीनर और ट्रक मालिक घायल बताए गए हैं।


