ग्वालियर में शादी समारोह में चोरी, 25 तोला सोना बरामद:महिला ने नकली गहने पहने थे, चोर असली गहनों का डिब्बा ले उड़े

ग्वालियर पुलिस ने शादी समारोह में चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा रविवार को किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर 27 लाख रुपए कीमत का 25 तोला सोना भी बरामद किया है। 22 नवंबर की रात दर्पण कॉलोनी निवासी स्कूल संचालिका जागृति सिंह भदौरिया अपनी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने राज किशोरी मैरिज गार्डन पहुंची थीं। चोरी की आशंका के कारण जागृति ने अपने 27 लाख रुपए के असली सोने के गहने पर्स में रख लिए थे और नकली गहने पहनकर समारोह में गई थीं। घर से निकलते समय जागृति ने 2 सोने के हार, मंगलसूत्र, चेन, 6 अंगूठियां, झुमके और सोने की बालियां एक छोटे पर्स में रखी थीं। इस छोटे पर्स को उन्होंने एक बड़े पर्स में रखा था, ताकि मैरिज गार्डन में तैयार होते समय असली गहने पहन सकें। शादी में सारी जिम्मेदारी जागृति पर थी और गहनों का बैग उनके पास ही था। बारात के स्वागत में व्यस्त जागृति की नजर जब बैग पर पड़ी, तो वह हैरान रह गईं। बैग की चेन खुली हुई थी और उसमें रखा जेवर का डिब्बा गायब था। डिब्बा गायब देखकर उन्होंने शोर मचाया। पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे घटना की सूचना तत्काल गोला का मंदिर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मैरिज गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध महिला और बच्चा नजर आया। गहन छानबीन के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी घनश्याम दास कोरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी घनश्याम ने बताया कि उसने 22 नवंबर की रात गार्डन से पर्स चुराया था। इस घटना में रानी नाम की एक महिला भी उसके साथ शामिल थी। पुलिस ने घनश्याम की निशानदेही पर हजीरा स्थित उसके घर से चोरी किए गए 27 लाख रुपए के गहने बरामद किए और उसकी बाइक भी जब्त कर ली। पुलिस अब आरोपी रानी की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *