कोटा शहर और ग्रामीण इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही शीतलहर ने दस्तक दे दी है। शनिवार इस सर्दी के सीजन का अब तक का सबसे सर्द दिन और रात साबित हुआ। पहली बार दिन और रात दोनों का तापमान इतना नीचे दर्ज किया गया। रविवार सुबह कोटा शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। हाईवे पर चलने वाले भारी वाहन और अन्य ट्रैफिक लाइट जलाकर धीमी गति से गुजरते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह लोगों की नींद खुली तो चारों ओर कोहरे की मोटी चादर नजर आई। विजिबिलिटी इतनी कम रही कि कुछ ही दूरी पर वस्तुएं स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थीं। सुबह करीब 9 बजे ठंडी हवाओं के साथ अचानक ठंड में और इजाफा हुआ, जिससे दिनभर ठिठुरन बनी रही। शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे और सूरज की लुका-छिपी चलती रही। सुबह सूर्य देव के दर्शन नहीं हो सके। ठंड से बचने के लिए फुटपाथ पर जीवन यापन करने वाले लोग अलाव जलाकर हाथ तापते नजर आए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई है।


