चूरू में लगातार तीसरे दिन घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ 5 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे मौसम साफ था, लेकिन दिन चढ़ने के साथ-साथ घना कोहरा बढ़ गया। कोहरे ने सुबह के समय चलने वाले वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए। वाहन सड़कों पर धीमी स्पीड में रेंगते नजर आए। राजगढ़ रेलवे कंट्रोल रूम के अनुसार कोहरे के कारण कई ट्रेनें 15 से 20 मिनट लेट चल रही है। सर्दी से राहत पाने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। स्कूली बच्चों की शीतकालीन छुट्टिया होने के कारण उनको सर्दी से राहत मिल रही है। कड़ाके की सर्दी के कारण शहर के बाजार सुबह देर से खुलते हैं और शाम को जल्दी बंद हो जाते है। सुबह के समय छाने वाले घने कोहरे से चने, सरसों व गेहूं की फसल को काफी फायदा मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे की विजिबिलिटी भी 50 मीटर से भी कम रही।


