घरवाले छतों से कूदकर बचे, दादी-पोता धुएं में फंसे:दम घुटने से मौत; एनिमेशन डिजाइनर बनना चाहता था गर्व; लुधियाना में कल अंतिम संस्कार

पंजाब के लुधियाना में 3 मंजिला कोठी के ग्राउंड फ्लोर पर बने ऊन के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। इस दौरान जैसे ही चिंगारी ऊन पर गिरी तो एकदम से आग पूरे ग्राउंड फ्लोर पर फैल गई। ऊन जलने के कारण धुआं घर में फैल गया। घर के 4 सदस्यों ने आस-पड़ोस की छतों से कूद कर जान बचाई। पूरा परिवार जब बाहर आ गया तो उन्हें पता चला कि पैरालाइज दादी सुधा रानी (77) और पोता गर्व चोपड़ा (17) घर के अंदर ही रह गए। धुआं इतना ज्यादा था कि उन दोनों को ढूंढने में करीब 1 घंटे से ज्यादा का समय लग गया। दादी पोता को पहले मंजिल से शीशा तोड़ कर लोगों ने बाहर निकाला। जिस समय उन्हें बाहर निकाला तो उनकी सांसें चल रही थीं, लेकिन जैसे ही उन्हें डीएमसी अस्पताल लेकर जाने लगे तो रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। मृ पोता गर्व को 30 अक्तूबर को 18वां साल शुरू होना था। पार्षद रुचि गुलाटी के मुताबिक गर्व 12वीं पास करने के बाद एनिमेशन का कोर्स कर रहा था। वह एनिमेशन डिजाइनर बनना चाहता था। उसकी बहन निधाशी कनाडा में रहती है। वह शुक्रवार को भारत पहुंचेगी। इसके बाद सुधा और गर्व का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… कोठी के ग्राउंड फ्लोर पर ऊन का गोदाम
लुधियाना के भारत नगर चौक के पास गली में रहने वाले सगे भाई राजन चोपड़ा और रजत चोपड़ा ने हाल ही में नई कोठी बनाई थी। कोठी के ग्राउंड फ्लोर पर ऊन (हौजरी) का गोदाम था। पहली मंजिल पर रजत अपनी पत्नी ममता, बेटों तमिश व सक्षम और मां सुधा के साथ रहते थे। दूसरी मंजिल पर राजन पत्नी रितु और बेटे गर्व के साथ रहते थे। दूध वाले ने दी आग की सूचना, ध्यान नहीं दिया
बुधवार सुबह करीब 9:15 घर के सबसे बुजुर्ग विनोद चोपड़ा ग्राउंड फ्लोर पर सोफे पर बैठे थे। उन्हें सुनने में परेशानी रहती है। तभी एक दूध वाला आया और बोला- “आपके घर से धुआं निकल रहा है।” लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। सब्जी वाले ने बताया तो मचा हड़कंप
कुछ देर बाद एक सब्जी वाला आया और पड़ोसियों को बताया कि घर में आग लगी है। पड़ोसियों ने शोर मचाया, तब जाकर परिवार को आग लगने का पता चला। आग लगने का पता चलते ही राजन, रजत, रितु, ममता, तमिश और सक्षम आस-पड़ोस की छतों से घर के बाहर आ गए। दादी और पोता भीतर फंसे रह गए
हड़बड़ाहट में सुधा और गर्व घर के अंदर ही फंसे रह गए। सुधा पैरालाइज थीं और व्हीलचेयर पर ही रहती थीं। गर्व हादसे के समय अपने कमरे से बाहर निकल ही रहा था कि बेसुध होकर गिर पड़ा। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद इलाके के लोग पड़ोस की छतों से होकर अंदर पहुंचे और शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। डीएमसी ले जाते वक्त दम तोड़ा
जब दोनों को बाहर निकाला गया, उनकी सांसें चल रही थीं। लेकिन डीएमसी अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। शुक्रवार को दादी-पोते का अंतिम संस्कार किया जाएगा। गर्व पर था पूरे परिवार को गर्व
पार्षद रुचि गुलाटी ने गर्व होनहार बच्चा था। रोजाना मंदिर जाता था। यदि गली में कोई पैदल चलता बुजुर्ग उसे मिल जाता था तो उसे भी वह एक्टिवा पर उसकी मंजिल तक छोड़ आता था। परिवार को उस पर गर्व था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही: DC
लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि मुझे पता चला है कि भारत नगर चौक पर एक घर में आग लग गई, जिस कारण 2 लोगों की मौत हो गई। मेरी निगम कमिश्नर के साथ भी बातचीत हुई है कि किन कारणों से आग लगी है, इसका पता किया जा रहा है। फिलहाल परिवार को अभी संभाला जा रहा है। परिवार के साथ प्रशासन की संवेदना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *