घर का झगड़ा खत्म करने का झांसा देकर ठगी:12 तोला की असली गोल्ड ज्वेलरी के बदले दी नकली; 3 आरोपी गिरफ्तार

जालोर के उम्मेदाबाद में घर का झगड़ा खत्म करने का झांसा देकर ठगी करने वाले 3 आरोपियों को बिशनगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने असली गोल्ड ज्वेलरी लेकर नकली थमा दी थी। एसपी ज्ञानचंद्र यादव ने बताया- बिशनगढ थाना क्षेत्र के उम्मेदाबाद के धोराडाणी गांव निवासी जयन्ती देवी (19) पुत्री जामताराम राजपुरोहित ने 11 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया था- मैं गृह क्लेश से परेशान थी। मैंने इंस्टाग्राम पर गृह क्लेश निवारण को लेकर एक पोस्ट देखी। इस पोस्ट को देखने पर रिक्वेस्ट आई। आरोपी ने खुद को पंडित बताया और कम समय में निवारण की गारंटी दी। मैं उसके झांसे में आ गई। 10 जनवरी को सुबह करीब 11 बजे मेरे मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने मुझे कुछ टोटके बताए। बताए अनुसार टोटके को घर पर किया। एक लाल कपड़े में 5 सोने की वस्तुएं बांधकर ताम्बे के कलश पर बांध दिया और बंद कमरे रख दिया। इसके बाद कॉलर ने कहा कि पानी से भरे लोटे और सोने की वस्तुएं को कोई हाथ न लगाए। 11 जनवरी को उसने घर आने की बात कही। 11 जनवरी को 5 आरोपी धोरा ढाणी स्थित मेरे घर पहुंचे। तीन बाहर खड़े रहे और 2 घर में पहुंचे। एक व्यक्ति ने शुद्ध पानी का लोटा मंगवाया और लोटा लेकर पूजा रूम में जाकर एक दिन पहले करवाया गया टोटका मंगवाया। सभी को कमरे से बाहर भेज दिया इसके बाद आरोपियों ने पूजा पाठ करने के लिए सभी को बाहर भेजा। सभी बाहर गए तो आरोपियों ने टोटके के लिए लाल कपड़े में रखी सोने की वस्तुएं बदलकर नकली गहने बांध दिए। बाहर आकर आरोपियों ने गृह क्लेश निवारण का उपाय बताते हुए कहा- यह बात किसी को मत बताना। टोटके को हाथ मत लगाना। कहकर वे चले गए। करीब एक घंटे बाद मुझे शक हुआ। कपड़े को खोलकर देखा तो उसमें नकली जेवरात थे। लोटे में से असली सोने के आभूषण गायब थे। असली सोना लेकर वे चले गए। इसके बाद बिशनगढ़ थाने में 12 तोला सोने की आभूषण की ठगी होने की रिपोर्ट दी। फोन नंबर और सीसीटीवी से किया पीछा एसपी ज्ञानचंद्र यादव ने बताया- बिशनगढ थानाधिकारी पन्नालाल के नेतृत्व में टीमों का गठन किया। मोबाइल नम्बरों की लोकेशन तथा सीसीटीवी फुटेज देखे। हुलिया के अनुसार मुख्य सड़कों व आम रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। आरोपी बीकानेर के डूंगरगढ पुलिस थाना क्षेत्र के रेडी निवासी दीपक (40) पुत्र उदाराम भार्गव, चरू के सुजानगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 26 में हरिराम बाबा मंदिर के पास निवासी कुलदीप (22) पुत्र प्रेमचन्द भार्गव, चूरू जिले के सरदारशहर पुलिस थाना क्षेत्र के राणासर निवासी मुकेश(35) पुत्र बद्री प्रसाद भार्गव को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त कार को जब्त किया। ठगी की घटना में सम्मिलित अन्य दो आरोपी चूरू जिले के सुजानगढ़ थाना क्षेत्र के हरिराम बाबा मंदिर के पास निवासी नारायण पुत्र मनोज भार्गव व विष्णु पुत्र सुभाष भार्गव की तलाश जारी है। कार्यवाही टीम में थानाधिकारी पन्नालाल,किशनगढ,कॉन्स्टेबल परबतसिह,श्रवणकुमार, सायला की सहयोगी टीम हेड कॉन्स्टेबल बाबूलाल, कॉन्स्टेबल सांवलाराम व मनीष, विशेष भूमिका में साइबर सेल एसपी ऑफिस के कॉन्स्टेबल नैनाराम, वीरमसिंह, रामदेव गोदारा व तिलोकसिंह रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *