प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र में रविवार रात दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष से इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर में घुस आए और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में महिलाओं समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई दे रहा है। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद, हिंसक हमले में बदला पीड़ित पक्ष के अनुसार घटना 11 जनवरी की रात करीब 9 बजे की है। फकीरे लाल निषाद के घर पर गुड्डू निषाद, राजेश निषाद, गोलू निषाद, इंदल निषाद अपने परिजनों और अन्य लोगों के साथ लोहे की रॉड और लाठियां लेकर पहुंचे। आरोप है कि पहले फकीरे लाल के बेटे शहेंद्र निषाद को गाली-गलौज दी गई और विरोध करने पर उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। दो भाइयों पर जानलेवा हमला, दोनों बेहोश जब शहेंद्र निषाद को बचाने के लिए उसका बड़ा भाई राजकरन निषाद आगे आया तो आरोपियों ने उसके सिर पर भी लोहे की रॉड से जोरदार वार कर दिया। इस हमले में राजकरन निषाद भी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजन जब घायलों को उठाने पहुंचे तो हमलावरों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा। महिलाओं को भी पीटा, हाथ टूटा, सिर फटा, दांत टूटे आरोप है कि गोलू निषाद, इंदल निषाद और अन्य लोगों ने लाठियों से महिलाओं पर हमला किया। हमले में संपतिया देवी का हाथ टूट गया, धरमीला देवी का सिर फट गया, जबकि मीना देवी के दांत टूट गए और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा सतई निषाद और राजा निषाद को भी लाठियों से पीटकर घायल कर दिया गया। जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए आरोपी पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावर जाते-जाते गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। तहरीर के आधार पर पांच नामजद, चार आरोपी हिरासत में घायल पक्ष की ओर से फकीरे लाल निषाद ने करेली थाने में तहरीर देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। करेली थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। शेष आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वायरल वीडियो मैं दिखी भयावह तस्वीरें घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे जांच में शामिल कर लिया है। वीडियो में घर के अंदर और बाहर अफरा-तफरी, चीख-पुकार और हमले की भयावह तस्वीरें दिखाई दे रही हैं।


