सलामतपुर | रायसेन जिले के सलामतपुर कस्बे के पास घोड़ापछाड़ नदी पर बना लगभग 100 वर्ष पुराना पुल गंभीर जर्जर हालत में है। भोपाल–विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर स्थित इस पुल की कई जगहों पर सुरक्षा रेलिंग टूटी हुई है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत नहीं की गई। इससे रोजाना गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बाद कुछ रेलिंग जरूर सुधारी गई थीं, लेकिन अभी भी कई हिस्से टूटे पड़े हैं। भारी वाहन निकलते ही पुल कंपन करने लगता है, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है। इसी मार्ग से भोपाल, विदिशा, सागर, बीना और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली सैकड़ों बसें प्रतिदिन गुजरती हैं। एमपीआरडीसी और प्रशासन से पुल की तत्काल मरम्मत और रेलिंग दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।


