चंडीगढ़ में कुरियर वाला लिफाफा सड़क पर फेंका:एड्रेस स्लिप से घर पहुंची निगम की टीम, 13401 रुपए का चालान किया

चंडीगढ़ में शॉलेड वेस्ट मैनेजमेंट (एमएसडब्ल्यू) नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकने के मामले में नगर निगम चंडीगढ़ (एमसीसी) ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम ने सेक्टर 15-बी के एक व्यक्ति पर 13 हजार 401 रुपए का चालान जारी किया है। नगर निगम की सफाई टीम द्वारा नियमित निरीक्षण के दौरान खुले में पड़े कचरे के ढेर के बीच एक पार्सल बरामद हुआ। पार्सल की जांच करने पर उस पर लगी स्लिप में दर्ज पते के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान की गई। इसके बाद एमएसडब्ल्यू नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए चालान जारी किया गया। खुले में कचरा डाला बर्दाश्त नहीं- आयुक्त एमसीसी आयुक्त अमित कुमार ने दोहराया कि कूड़ा फैलाने और खुले में कचरा डालने को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता से अपील करते हुए आयुक्त ने नागरिकों से खुले स्थानों पर कचरा न फेंकने और गीला व सूखा कचरा अलग-अलग करके नगर निगम के निर्धारित संग्रह वाहनों को सौंपने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने और चंडीगढ़ को स्वच्छता में नंबर-1 शहर बनाने के सामूहिक प्रयासों में जन सहयोग अत्यंत आवश्यक है। कचरे से सबूत ढूंढ लोगों तक पहुंच रहा निगम नगर निगम की तरफ से शहर में सड़क पर कूडा फेंकने वालों के खिलाफ सबूत ढूंढ़कर कार्रवाई की जा रही है। कभी कचरे से दर्जी की पर्ची मिलने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, तो कभी कूड़े से मिली पर्ची से मालिकों को ढूंढा जा रहा है। कूड़ा फेंकने वालों के घर ढोल बजाने का हुआ था ऐलान चंडीगढ़ में इससे पहले सड़क पर कूडा फेंकने वालों के घर नगर निगम कर्मचारी ढोल लेकर पहुंचे थे। यहीं नहीं उन्हें शर्मिंदा करने के लिए घर से बाहर बुलाकर उनसे पूछताछ भी की गई और प्रत्येक को 13401 रुपए जुर्माना भी लगाया गया। इसके साथ उन्हें कचरा लौटाया। निगम ने इसका वीडियो भी जारी किया। पहली बार नगर निगम की तरफ से इस तरह की कार्रवाई करते हुए मनीमाजरा के वार्ड-5 (मोरी गेट) और वार्ड-6 (गोविंदपुरा) में नगर निगम के स्वच्छता इंस्पेक्टर दविंदर रोहिल्ला ने जाकर ढोल बजवाए थे। उधर, सीनियर डिप्टी मेयर ने इस कार्रवाई का विरोध जताया है। हालांकि, सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि इस तरह से किसी को जलील करना ठीक नहीं है। यह फैसला गलत है और इसके बाद फैसले को वापस ले लिया गया था। जसबीर सिंह बंटी का कहना था कि हम भी चाहते हैं कि शहर सुंदर दिखना चाहिए और सड़कों पर कूड़ा नहीं होना चाहिए। मगर, इसका मतलब यह नहीं है कि किसी को जलील किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *