चंडीगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने के बाद भी शहरवासियों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। उमस और तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। हल्के बादल और चलती हवाओं के बावजूद बारिश नहीं हुई, जिससे तापमान और नमी दोनों में इज़ाफा हुआ। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस सप्ताह के लिए चंडीगढ़ में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। IMD चंडीगढ़ ने गुरुवार (27 जून) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इस सीजन में 10 जून सबसे गर्म दिन रहा, जब चंडीगढ़ में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह के दौरान बारिश की संभावना के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि उमस और तापमान का असर अभी बना रहेगा। सोमवार को बढ़ा तापमान रविवार के मुकाबले सोमवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तापमान सामान्य से लगभग 1.9 डिग्री अधिक रहा। रात भी गर्म रही और लोगों को राहत नहीं मिली। बारिश की उम्मीद बनी हुई चंडीगढ़ में 28 जून तक बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 29 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।


