चंदनकियारी | चंदनकियारी प्रखंड मुख्यालय में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। सभी प्रतिनिधि 15वें वित्त आयोग की राशि जारी करने व पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। प्रमुख निवारण सिंह चौधरी ने कहा कि जब तक सरकार कोई ठोस पहल नहीं करेगी, तब तक धरना जारी रहेगा। प्रतिनिधियों का कहना है कि फंड के अभाव में पंचायत क्षेत्र का विकास ठप पड़ा है। जनता ने उन पर विकास का भरोसा जताया था, लेकिन बीते दो वर्षों से फंड नहीं मिलने के कारण उन्हें लोगों के सवालों का सामना करना पड़ रहा है। मुखियाओं ने कहा कि योजनाएं धरातल पर तभी उतरेंगी, जब वित्तीय सहायता उपलब्ध होगी। उन्होंने सरकार से मांग किया कि पंचायतों को शीघ्र अधिकार और राशि उपलब्ध कराई जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में तेजी आ सके।


