चतरा में बारात से लौट रही कार पेड़ से टकराई:हादसे में एक की मौत, चार गंभीर रूप से घायल, प्रतापपुर से लौट रही थी बारात

चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इटखोरी–पितिज मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 5 बजे हुआ। बारात से लौट रही एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रतापपुर से लौट रही थी बारात, चालक ने खोया नियंत्रण जानकारी के अनुसार, सिरमतपुर गांव से एक बारात प्रतापपुर गई थी। विवाह समारोह संपन्न होने के बाद रविवार तड़के सभी लोग कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इटखोरी–पितिज मार्ग पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार तेज थी और टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार में कुल आठ लोग सवार थे। एक की मौके पर मौत, चार घायलों की हालत गंभीर इस भीषण दुर्घटना में 40 वर्षीय मनोज राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, मदेश कुमार, अभय राम, राहुल कुमार और आर्यन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉ. विनय मेहता की देखरेख में प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। अन्य सवारों को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। शादी के घर पसरा मातम सूचना मिलने पर इटखोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हादसे का संभावित कारण चालक को नींद की झपकी और तेज रफ्तार बताया जा रहा है। इधर, इस घटना से सिरमतपुर गांव में शोक का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *