टाउन में लाखों के जेवर-नकदी चोरी:जंक्शन से बाइक भी ले उड़े चोर, पुलिस जांच जारी; लोगों में फैली दहशत

हनुमानगढ़ में चोरी की दो अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। टाउन थाना क्षेत्र के कोहला गांव में एक मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी हुई, जबकि जंक्शन थाना क्षेत्र से एक बाइक चोरी कर ली गई। दोनों मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। मोहनलाल, निवासी कोहला वार्ड नंबर 6, ने टाउन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 6 फरवरी को वह परिवार सहित घर बंद कर बाहर गए थे। 7 फरवरी को लौटने पर घर का मुख्य ताला टूटा मिला। अंदर कमरों में रखी संदूक और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे। चोरों ने घर से लगभग 35 हजार रुपये नकद, दो सोने के कड़े, छह सोने की अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, दो जोड़ी टॉप्स, पांच-छह कोके और चांदी की दो जोड़ी पाजेब चुरा लीं। सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जंक्शन थाना क्षेत्र में भी चोरी की एक अन्य वारदात हुई। सेक्टर-12 निवासी शैलेंद्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बाइक घर के बाहर से चोरी हो गई। उन्होंने बताया कि बाइक घर के बाहर खड़ी थी, जो कुछ समय बाद गायब मिली। इस संबंध में शनिवार को जंक्शन थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों ही मामलों में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *