मैहर जिले के हनुमान टोला में एक युवक का शव उसके ही खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हनुमान टोला निवासी 32 वर्षीय सागर कोल पुत्र लच्छू कोल के रूप में हुई है। सागर मैहर देवी में सामान बेचने का काम करता था। शनिवार दोपहर वह घर से मैहर बाजार में दवाई लेने जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि सागर का शव उसके ही खेत में एक कैथा के पेड़ से फंदे पर लटका हुआ है। परिजनों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


