चमेली देवी कॉलेज में छात्र के खिलाफ जनसुनवाई में शिकायत:प्रिंसिपल और प्रोफेसरों ने कलेक्टर को बताई अभद्र हरकतें, कॉलेज का कर रहा नुकसान

चमेली देवी कॉलेज में एक छात्र द्वारा लगातार किए जा रहे विवाद और अभद्र व्यवहार से कॉलेज प्रबंधन व छात्र बेहद परेशान हैं। मंगलवार को कॉलेज के प्रिंसिपल और प्रोफेसर जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर शिवम वर्मा को शिकायत सौंपी। कॉलेज स्टाफ ने बताया कि छात्र न केवल विवाद करता है, बल्कि कॉलेज के सामान को भी नुकसान पहुंचा रहा है। प्रबंधन ने कहा कि उसकी हरकतों से अन्य छात्रों की पढ़ाई पर भी प्रभाव पड़ रहा है। शिकायत पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को जांच के आदेश दिए। साथ ही कॉलेज प्रबंधन को भी छात्र के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रहवासी बोले- “अव्यवस्था में कैसे रहें?”
जनसुनवाई में ग्राम सनावदिया स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के नीलगिरी परिसर के रहवासी भी पहुंचे। वे सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान न होने से नाराज थे। कलेक्टर उनके पास पहुंचे और समस्याएं सुनकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। रहवासियों ने बताया कि परिसर में अव्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा की स्थिति बेहद खराब है। छात्रा को 50 हजार की आर्थिक मदद
जनसुनवाई में एक छात्रा ने पढ़ाई और AI कोर्स की फीस के लिए आर्थिक मदद मांगी। उसने बताया कि कोर्स की फीस 60 हजार रुपए है, जिसे वह आर्थिक तंगी के कारण वहन नहीं कर पा रही। कलेक्टर ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से छात्रा को तत्काल 50 हजार रुपए की सहायता दिलाई और कहा कि भविष्य में भी पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर्स ने समझी जनसुनवाई प्रक्रिया
मंगलवार को प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर्स का दल भी जनसुनवाई में मौजूद रहा। उन्होंने आवेदनकर्ता और अधिकारियों के बीच की बातचीत, शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बारीकी से समझा। प्रशिक्षण दल ने शहर में चल रही मेट्रो परियोजना और अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। मैदानी प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये अधिकारी अलग-अलग जिलों में कार्यभार संभालेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *