गुमला|जारी थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव में चरनी जलाने व बालक यीशु की प्रतिमा को खंडित किए जाने की घटना को लेकर ईसाई समाज में रोष व्याप्त है। इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए केंद्रीय कैथोलिक संघ के अध्यक्ष सेत कुमार एक्का ने कहा कि क्रिसमस अर्थात बड़ा दिन के अवसर पर पूरी दुनिया में ईसाई समुदाय प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में चरनी बनाकर और उसे नाना प्रकार के साज-श्रृंगार से सजाकर उत्सव मनाता है। इस दौरान बालक यीशु का स्मरण कर उनकी आराधना की जाती है। सेत कुमार एक्का ने कहा कि चरनी ईसाई समुदाय की आस्था का पवित्र प्रतीक है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। लेकिन भीखमपुर गांव के पास असामाजिक तत्वों द्वारा चरनी को आग के हवाले कर दिया जाना और बालक यीशु की प्रतिमा को खंडित किया जाना ईसाई समाज की धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला है। उन्होंने इस घटना को बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारत विविध धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं का देश है, जहां सभी धर्मों की आस्था और प्रतीकों का सम्मान किया जाना हमारी साझा जिम्मेदारी है। केंद्रीय कैथोलिक संघ के अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि इस घटना में शामिल दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है। डुमरी|स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग झारखंड सरकार द्वारा आगामी 7 जनवरी को अल्बर्ट एक्का जारी प्रखंड में एवं 9 जनवरी को डुमरी प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाना है। इस आशय की जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अलबेल केरकेट्टा ने आम जनों से अपील की है कि इस स्वास्थ्य मेले में आकर निःशुल्क जांच, दवा एवं चिकित्सा परामर्श प्राप्त करें और अधिक से अधिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं। गुमला|गुमला चेंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव में खड़े सभी 21 प्रत्याशी निर्विरोध विजयी घोषित किए गए है। अब तिथि निर्धारित कर सभी को जीत का प्रमाण पत्र और शपथ ग्रहण कराया जाएगा। मुख्य चुनाव पदाधिकारी अमित माहेश्वरी ने बताया कि 21 उम्मीदवारों में से किसी भी उम्मीदवारों ने तय समय सीमा में अपना नाम वापस नहीं लिया। अतः अब चुनाव नहीं होगा और बचे हुए उम्मीदवारों को संविधान के अनुसार निर्विरोध चयनित करते हुए विजयी घोषित किया गया है।


