भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिले में सोमवार को दिनभर ठंड का प्रकोप बना रहा। दो दिन पूर्व से ही एकाएक ठंड में बढ़ोतरी हुई है। जिसके बाद सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर पहुंच गया है। लगभग 9 बजे तक कुहासे अपना कहर बरपाए रखा। इस बीच विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहन चालकों और सुबह मॉर्निंग वॉक व खेलकूद के लिए निकलने वाले युवाओं व बुजुर्गों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शीतलहरी हवाओं ने लोगों को दोपहर में भी ठंड के आगोश में समाए रखा। शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग ठंड की गिरफ्त में दबे रहे। बीती रात कई क्षेत्रों में जोरदार कुहासा होने से ठंड में काफी बढ़ोतरी हो गई थी। लगातार गिर रहे तापमान ने लोगों को ठिठुरने को विवश कर दिया है। सोमवार को जिले में न्यूनतम 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री दर्ज किया गया है। ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या की रूटीन देर से शुरू हुई। सड़कों पर लगभग सुबह 9 बजे तक सन्नाटा छाया रहा। इतना ही नहीं विभाग द्वारा आगे 10 जनवरी तक आसमान में बादल के साथ कनकनी बने रहने की संभावना जताई है। ठंड को लेकर जिला प्रशासन द्वारा अल्टीमेटम भी जारी किया गया है। जिसके तहत आगे 7 जनवरी तक कक्षा केजी से लेकर पांचवीं तक के छात्रों की छुट्टी रखने का निर्देश भी जारी किया है। इस बीच सुबह और शाम होते ही पुनः कुहासा भी छाया रहा। लोग ज्यादातर अपने घर व स्वयं से की गई अलाव पर अपना समय व्यतीत करते दिखे। प्रतिदिन बदल रहे मौसम पर कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर शंकर कुमार सिंह ने बताया कि अभी आगे बादल के साथ तापमान में और गिरावट आ सकती है। रात्रि में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री तक जा रहा है। वहीं आगे 10 जनवरी तक ठंड से राहत नहीं मिल सकेगा। साथ ही आगे एक से दो डिग्री तक पारा गिरने का अनुमान है। जिससे तापमान में भारी कमी आएगी। न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक पहुंच सकती है। उन्होंने बताया कि अभी खासकर बुजर्गों और बच्चों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इसके अलावा पशुओं पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।


