चरही | सतर्कता जागरूकता अभियान 2025 के अंतर्गत शुक्रवार को सीसीएल ऑफिसर्स क्लब, चरही में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन स्वैच्छिक रक्तदाता संघ तथा शेख भिखारी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, हजारीबाग के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर का उद्घाटन महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार ने अधिकारियों व चिकित्सकों के दल के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की सक्रिय भागीदारी रही। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज को सेवा का संदेश दिया। शिविर में कुल 64 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें महिलाएं भी सम्मिलित थीं।


