उमरिया में फेयरवेल पार्टी के बाद कुछ छात्र-छात्राओं का कार में स्टंट करते हुए वीडियो सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि लगभग 7-8 कारों की एक रैली में बच्चे चलती गाड़ियों के दरवाजों पर बैठे हुए हैं। जिले में 1 से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया था । इससे स्पष्ट होता है कि यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का स्तर अभी भी बेहद कम है। गाड़ी नंबर एमपी 18 जेएफ 6640 में छात्राएं गाड़ी का सनरूफ खोलकर ऊपर खड़ी हुई दिख रही हैं। कुछ गेट से बाहर निकली हुई थी। यातायात थाना प्रभारी सीके तिवारी ने बताया कि स्टंट करने वाली तीन गाड़ियों को कोतवाली और यातायात पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने गाड़ियों को सजाकर जुलूस निकाला। तीनों गाड़ियों पर यातायात नियमों को तोड़ने को लेकर चालान की कार्रवाई की जाएगी। गाड़ियों में पोस्टर भी लगाए गए हैं। बच्चों को गाड़ी चलाने देना अपराध है।


