भास्कर न्यूज| चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं में भी तिरंगा फहराया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिले का मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन आकर्षण का केंद्र बना रहा। जहां मुख्य अतिथि मंत्री दीपक बिरुवा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मंत्री जी ने सर्व प्रथम पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इसके बाद परेड का निरीक्षण कर राष्ट्रीय ध्वज को फहराया। साथ ही मंच से जिला वासियों को संबोधित भी किया। समारोह में शामिल कुल 10 प्लाटून एवं बैंड पार्टी के द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया और विभिन्न विभागों ने 17 मनमोहक झांकियों की भी प्रस्तुति दी। समारोह में उत्कृष्ट मार्च पास्ट करने के लिए एनसीसी टाटा कॉलेज को प्रथम, द्वितीय स्थान सहायक महिला पुलिस बल एवं तृतीय स्थान केंद्रीय रिजर्व बल को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं झांकी में प्रथम स्थान समाज कल्याण विभाग, द्वितीय स्थान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग एवं तृतीय स्थान स्वास्थ्य विभाग की झांकी को मिला। समारोह में मुख्य अतिथि ने देश रक्षा में वीरगति प्राप्त करने वाले अमर सैनिकों के परिजनों को “वीर नारी” के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा के संदर्भ में जागरूकता, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को मदद पहुंचाने वाले, स्वच्छ आंगनबाड़ी केंद्र, स्वच्छ थाना एवं परिसर, दुर्गम क्षेत्रों में टीकाकरण एवं विभिन्न स्तर पर खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिला के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, डीसी चंदन कुमार, एसपी अमित रेनू समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे। प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय परिसर में डीआईजी कोल्हान रेंज अनुरंजन किस्पोट्टा ने झंडोत्तोलन किया जबकि समाहरणालय परिसर में डीसी चंदन कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


