पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया मुख्य बाजार में रोड जाम की वजह से मंगलवार को 22 वर्षीय युवक की जान चल गई। इस दौरान स्थानीय लोगों की मदद से जाम को किसी तरह से हटा कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। जहां डॉ. सुषमा नाग ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पाकर पुलिस सीएचसी पहुंची। सोमवार की रात तबीयत खराब हुई थी दरअसल, भंडारू गांव की परमिला नायक का 22 वर्षीय इकलौता बेटा सामापद नायक की सोमवार की रात तबीयत खराब हुई थी। जहां उसे उल्टी होने लगी। इसके बाद उसकी मां ने गांव के ही एक चिकित्सक के पास इलाज करवाया था। इस दौरान सुबह और तबीयत बिगड़ने के कारण परमिला बेटे को टेंपो के माध्यम से अस्पताल ला रही थी। टेंपो में ही युवक की हो गई मौत इसी बीच नामोपाडा सड़क पर जबरदस्त जाम लग गया। इस दौरान कई घंटे जाम में रहने के कारण उसकी मौत रास्ते में ही टेंपो में हो गई। घटना के बाद मृतक युवक की मां का रो रो कर बुरा हाल हो गया। महिला टेंपो के भीतर ही बेहोश हो गई। इस दौरान उसे पानी का छींटा डालकर उठाया गया।


