चार साल से फरार अमन शर्मा हत्याकांड का आरोपी संजय दास पुलिस गिरफ्त में, गया जेल

भास्कर न्यूज | गिरिडीह पचंबा थाना क्षेत्र के चर्चित अमन शर्मा हत्याकांड में वर्षो से फरार चल रहे आरोपी संजय दास को पुलिस ने बीती शनिवार देर शाम गांडेय थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। यह हत्या वर्ष 2020 में अमन शर्मा और राहुल दास के बीच चल रहे प्रेम-प्रसंग को लेकर हुई थी। घटना के अनुसार, मृतक अमन शर्मा का राहुल दास की पत्नी से पहले से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब यह बात राहुल को पता चली, तो उसने अपने फूफा संजय दास के साथ मिलकर अमन की हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत, सात जनवरी 2020 की शाम राहुल ने अमन को पचंबा के मनीष स्टोर के पास से अपनी बाइक में बिठाया। इसके बाद राहुल और अमन पहले कल्याणडीह स्थित एक शराब की दुकान गए और शराब खरीदी। इसके बाद दोनों संजय दास के घर के पास लखारी पहुंचे और फिर तीनों बोड़ो के मिठाई दुकान के पास मिले। वहां शराब पीने के बाद संजय और राहुल अमन पर हमला करने के लिए बनखंजो पहाड़ के पीछे रेलवे पुल पहुंचे। घटना स्थल पर शराब के नशे में अमन शर्मा पहले संजय दास और फिर राहुल दास ने पत्थरों से मार-पीट का शिकार हुआ। इस हमले में अमन की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने लखारी स्थित संजय दास के घर के पास चूल्हे में अपने कपड़े जला कर साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश की। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि राहुल दास को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। संजय दास लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। संजय दास मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है और उसका ससुराल पचंबा के लखारी में है। हत्याकांड के संबंध में मृतक के पिता मनोज शर्मा ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के खिलाफ मामले की जांच तेज कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *