दीनदयाल नगर व उसकी आसपास की कॉलोनियों के साथ-साथ मुरार में चिकनगुनिया अब भी असर दिखा रहा है। इसके बाद भी शहर में चिकनगुनिया की जांच सिर्फ जीआरएमसी के माइक्रो बायोलॉजी विभाग में ही हो रही है। शनिवार को 17 साल के बच्चे सहित चिकनगुनिया के 11 नए मरीज मिले हैं। जीआरएमसी के माइक्रो बायोलॉजी विभाग में चिकनगुनिया के 35 सैंपलों की जांच की गई। जांच में 11 मरीजों को चिकनगुनिया होने की पुष्टि हुई है। इन 11 मरीजों में से 8 मरीज ग्वालियर के और 3 मरीज दूसरे जिलों के हैं। इन मरीजों को मिलाकर शहर में महज 112 दिन में चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या 486 पहुंच गई है। इनमें से एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। राहत की बात यह है कि सर्दी बढ़ जाने के कारण डेंगू से लोगों का राहत मिलने लगी है। शनिवार को जिला अस्पताल मुरार और माइक्रो बायोलॉजी विभाग में 34 सैंपलों की जांच की गई। जांच में 2 मरीजों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है।


