चित्तौड़गढ़ में मंगलवार को एक दिन के गैप के बाद फिर से घना कोहरा देखने को मिला। सुबह के समय शहर और आसपास के इलाकों में कोहरे की चादर छाई रही, जिससे सड़कों पर चलने वाले गाड़ी चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंडी हवाओं के कारण लोगों की धूजणी छूट गई और सुबह-सुबह घर से निकलना मुश्किल हो गया। कई जगहों पर कोहरा इतना घना था कि सामने कुछ ही दूरी तक दिखाई दे रहा था। खासतौर पर हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर स्थिति ज्यादा खराब रही। विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे गाड़ी चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। सुबह के समय नौकरीपेशा लोगों और किसानों को भी कोहरे और ठंड का असर झेलना पड़ा। ठंडी हवाओं ने बढ़ाई परेशानी कोहरे के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने मौसम को और ज्यादा ठंडा बना दिया। सुबह के समय हवा में तेज ठंडक महसूस की गई, जिससे लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। सड़कों पर चाय की दुकानों पर भीड़ दिखी, जहां लोग गर्म चाय और अलाव का सहारा लेते नजर आए। ठंडी हवाओं के कारण खुले इलाकों में खड़ा होना मुश्किल हो गया। खासकर बुजुर्गों और छोटे बच्चों पर ठंड का ज्यादा असर दिखाई दिया। पिछले 24 घंटे में तापमान में उतार-चढ़ाव पिछले 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार को दोपहर के समय मौसम में हल्की गर्मी का एहसास हुआ था। उस दिन अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। हालांकि मंगलवार को फिर से तापमान में गिरावट देखी जा रही है। सुबह के समय ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। आगे और बढ़ सकती है ठंड हालांकि शीत लहर और कोहरे को लेकर चित्तौड़गढ़ जिले में किसी भी तरह का आधिकारिक अलर्ट जारी नहीं किया गया था, इसके बावजूद घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में ठंड और बढ़ने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे सुबह और देर रात ठंड ज्यादा महसूस होगी।


