भास्कर न्यूज | अमृतसर नेतृत्व और शैक्षिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चिन्मय मिशन अमृतसर ने अमृतसर के स्कूल प्रधानाचार्यों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। ‘उत्कृष्टता का आह्वान’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में अमृतसर के स्कूलों के 80 से अधिक प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। इसका नेतृत्व चिन्मय मिशन नोएडा के प्रमुख स्वामी चिद्रूपानंद जी ने किया। औपचारिक उद्घाटन के बाद कई ज्ञानवर्धक सत्रों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूज्य गुरुदेव जी के पावन विग्रह के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मंच का संचालन एसएन जोशी ने किया। कार्यशाला की शुरुआत स्वामी चिद्रूपानंद जी के ज्ञानवर्धक सत्र से हुई, जिन्होंने नए युग में नेतृत्व महाभारत में प्रतिपादित गुण-भाग 1’ पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्राचीन शास्त्रों में निहित शाश्वत नेतृत्व मूल्यों पर जोर दिया और बाद में अपने सत्र के दूसरे भाग में इन दर्शनों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद प्रतिष्ठित शिक्षाविद् विजय पुरी ने एक ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया, जिसमें उन्होंने “वर्तमान परिदृश्य में एक सफल प्रधानाचार्य बनने के सुझाव’ पर व्यावहारिक अंतर्दृष्टि प्रदान की। वी. पुरी ने लगातार इस बात पर जोर दिया कि कक्षा शिक्षण और सीखने में उनका व्यापक अनुभव शिक्षा पारिस्थिति की तंत्र में सभी हितधारकों के साथ प्रभावी रूप से जुड़ने की कुंजी है।


