चिरमिरी पुलिस ने किया मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन:युवा और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान, डोनर्स को हेलमेट देकर यातायात जागरूकता का दिया संदेश

चिरमिरी में यातायात सुरक्षा माह के तहत एमसीबी जिला पुलिस और रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में चिरमिरी जिला अस्पताल में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। शिविर में सुबह से ही लोगों में भारी उत्साह देखा गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ ने भी अपनी ड्यूटी के साथ रक्तदान कर समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। ब्लड डोनर को बांटे गए हेलमेट और पुरस्कार रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह ने रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट प्रदान किया। जिनके पास पहले से हेलमेट उपलब्ध था, उन्हें पुरस्कार वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से रक्तदान के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन का संदेश भी आमजन तक पहुंचाया गया। चिरमिरी रक्तदान शिविर में 51 यूनिट लक्ष्य पूरा थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा भी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर के माध्यम से कुल 51 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। थाना प्रभारी ने कहा कि लोगों में यातायात जागरूकता बढ़ाने के लिए क्षेत्र में लगातार विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि वे सुरक्षित यात्रा कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *