झारखंड में नगर निकाय चुनाव गैर दलीय आधार पर हो रहा है। इसमें नियम है कि कोई भी पार्टी किसी प्रत्याशी के पक्ष में सार्वजनिक और लिखित रूप से समर्थन की घोषणा नहीं करेगा। ऐसा करना आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन होगा। लेकिन राज्य में छोटे-बड़े सभी दल पूरी तरह से चुनाव में घुसपैठ कर चुके हैं। हर पार्टी कार्यालयों में निकाय चुनाव को लेकर रोज बैठकें हो रही हैं। नगर निगम, नगर परिषद या नगर पंचायतों में किसे समर्थन दिया जाए, इस पर मंथन हो रहा है। यही नहीं, पार्टी अध्यक्ष अपने लेटर पैड पर प्रत्याशियों के समर्थन की घोषणा कर रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी मान रहे हैं कि लेटर पैड पर लिखित रूप से किसी प्रत्याशी के समर्थन की घोषणा करना गलत है। पर, वे औपचारिक रूप से कुछ भी बोलने को तैयार नहीं होते। जिला निर्वाचन पदाधिकारी भी इस संबंध में भ्रम की स्थिति में हैं। लेटर पैड पर समर्थन देने की घोषणा पर रामगढ़ में जेएलकेएम जिला अध्यक्ष और प्रत्याशी पर एफआईआर हुई है, पर लोहरदगा में झामुमो जिला अध्यक्ष के ऐसे ही मामले पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। -शेष पेज 10 पर जेएलकेएम के रामगढ़ जिलाध्यक्ष पर आचार संहिता उल्लंघन का केस झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जिलाध्यक्ष देवानंद कुमार महतो, जेएलकेएम नेता संतोष कुमार महतो और रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अनीता कुमारी के खिलाफ रामगढ़ थाने में आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को जेएलकेएम के लेटर पैड पर प्रेस विज्ञप्ति और प्रेस वार्ता के माध्यम से नगरपरिषद अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा की गई। प्रत्याशी का परिचय, 10 सूत्री विजन और जनता के नाम संदेश भी जारी किया गया। इस संबंध में रामगढ़ के सहायक निर्वाची पदाधिकारी अनिल कुमार रजक ने रामगढ़ थाना प्रभारी को आवेदन दिया था। पार्टियों पर ये है पाबंदी… लोहरदगा झामुमो जिला अध्यक्ष ने लेटर पैड पर की समर्थन की घोषणा लोहरदगा के जिला झामुमो अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने अपने लेटर पैड पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में बालमुकुंद लोहरा को नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए समर्थन की घोषणा की है। अहमद ने कहा कि झामुमो ने पार्टी के नीति सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने और आम लोगों शहरवासियों की इच्छा को देखते हुए बालमुकुंद लोहरा को अध्यक्ष पद के लिए समर्थन देने का निर्णय लिया है। इस प्रेस विज्ञप्ति के बारे में पूछने पर मोजम्मिल अहमद ने बताया कि हां, वह पत्र उनके ही लेटर पैड पर लिखा गया है तथा उस पर किया गया हस्ताक्षर भी उनका ही है। इस पर लोहरदगा डीसी कुमार ताराचंद ने कहा कि इस संबंध में नोटिसा जारी किया जाएगा और राज्य चुनाव आयोग से निर्देश मांगा जाएगा।


