भास्कर न्यूज | चिरमिरी चिरमिरी से जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली चैनपुर साजापहाड़ चिरमिरी मार्ग के चौड़ीकरण और उन्नयन की मांग अब पूरी होती दिख रही है। कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में चिरमिरी और जिला मुख्यालय की दूरी कम करने की बात कही थी। इसके तहत विधायक ने साय सरकार के गठन के बाद से चैनपुर साजापहाड़ चिरमिरी मार्ग की दिशा में काम करना शुरू कर दिया था। बीते 15 जनवरी को लोक निर्माण विभाग रायपुर से टेंडर जारी हुआ है। इसमें निविदा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 5 फरवरी 2025 है और कार्य की अवधि 12 महीने की है। चैनपुर साजापहाड़ चिरमिरी मार्ग की लंबाई जिसका चौड़ीकरण और उन्नयन होना है। इसकी लंबाई 17.4 किमी है और ए क्लास निविदाकारों से निविदा आमंत्रित किया गया है। निविदा जमा करने की अंतिम तारीख 5 फरवरी 2025 और खोलने की अंतिम तारीख 10 फरवरी 2025 है, जिसकी लागत 33 करोड़ 25 लाख रुपए है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि वादा करना एक बात है और निभाना एक बात है। आज 6 साल से चली आ रही मांग पूरी हो रही है। घोषणा पत्र में कहा था कि चिरमिरी से जिला मुख्यालय की दूरी कम करने के लिए सड़क का चौड़ीकरण और उन्नयन कराऊंगा और टेंडर लग चुका है। एक साल में ठेकेदार को काम पूरा करके देना है। इसके बाद सुगम आवागमन का लाभ सभी को मिलेगा। मैंने अपना किया वादा पूरा किया।


