रांची|सदर थाना क्षेत्र स्थित पीएचडी छठ तालाब के पास महिला से चेन छिनतई कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने सेामवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम शिवम कुमार उर्फ मोनू, प्रतीक कुमार और रवि मुंडा हैं। तीनों आरोपी बरियातू के ही रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में शिवम ने बताया कि 15 अगस्त को होटल जीगर पैलेस के पास से बाइक (जेएच01एफएस 9369) की चोरी की थी। इसके बाद छठ तालाब के पास जा रही एक महिला का पर्स झपट लिया था, जिसमें सोने के मंगलसूत्र व लॉकेट समेत अन्य जेवरात थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पर्स व जेवरात भी बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। जेल जाने से पहले पूछताछ में आरोपियों ने कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।


