धर्मपुरा इलाके के अधीन स्थित गुरुद्वारा हरकृष्ण साहिब में संग्रांद के अवसर पर 4 लोगों को करंट लग गया। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि बचाने आए 3 लोग करंट लगने से जख्मी हो गए। मृतक की पहचान अशोक कुमार उर्फ कालू (57) वासी सत्संग घर टिब्बा रोड के रूप में हुई है। जबकि घायलों की पहचान रणजीत सिंह (60), रजिंदर सिंह (54) जगजीत सिंह ढल्ल (62) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी सतनाम सिंह ने बताया कि हर महीने निशान साहिब का चोला बदला जाता है। मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे जब चोला बदला जा रहा था तभी निशान साहिब का पाइप बिजली के तारों से टच हो गया, जिस कारण 4 लोग करंट की चपेट में आ गए। अशोक कुमार को सबसे पहले करंट लगा, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए जब बाकी के लोग गए तो वह भी करंट के झटके से दूर जाकर गिर गए। फिर सभी लोग मदद के लिए आए और घायलों को सीएमसी अस्पताल लेकर गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को छुट्टी दे दी।


