चौथे रोजगार उत्सव में प्रतापगढ़ के 133 युवाओं को मिले नियु​क्ति पत्र, नव नियुक्त कर्मचारियों  में दिखा उत्साह

भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का राज्य स्तरीय आयोजन रविवार को जयपुर में हुआ, इसमें मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश भर के विभिन्न विभागों में चयनित हुए नवनियुक्त कार्मिकों को नियु​क्ति पत्र प्रदान किए गए। जयपुर में हुए इस आयोजन को प्रदेश के सभी जिलों के साथ वीसी के माध्यम से जोड़ा गया। इसी कड़ी में प्रतापगढ़ का जिला स्तरीय आयोजन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में हुआ। मुख्यमंत्री द्वारा इस वर्ष युवा दिवस के अवसर पर चौथे रोजगार उत्सव का आयोजन कर युवाओं को एक मनमोहिनी सौगात प्रदान की गई। राज्य रोजगार उत्सव में मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ जिले की सरकारी सेवा में नवनियुक्ति पाने वाली कुसुम लता मीणा पुत्री कैलाश मीणा के साथ संवाद किया और उन्हें बधाई दी। कुसुम लता प्रतापगढ़ के दलोट की रहने वाली है और उनका चयन वित्त विभाग में जूनियर लेखाकार के पद हुआ है। रोजगार उत्सव में प्रतापगढ़ जिले के कुल 133 कार्मिकों को नियुक्तियां प्रदान की गई, इनमें स्वास्थ्य विभाग के 102 कार्मिक, वित्त विभाग के 23 जूनियर लेखाकार, राजस्व विभाग के 3 कार्मिक और शिक्षा विभाग के 5 कार्मिक शामिल है। रोजगार उत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीपप्रज्वलन करने के साथ हुआ, इसके पश्चात कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी जितेन्द्र मीणा द्वारा सभी का स्वागत किया गया। डॉ. राजोरिया ने चौथे रोजगार उत्सव में जिले के नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उन्हें सफलता की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर नियुक्तियां पाने वाले सभी युवाओं के त्याग एवं संघर्ष का परिणाम है। राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव में मुख्यमंत्री द्वारा राज्य में सम्पन्न हुए अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, इसमें प्रतापगढ़ जिले की ग्राम पंचायत ओडवाड़ा में 30.72 लाख की लागत से निर्मित नवीन ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण भी किया गया। एसपी विनीत कुमार बंसल, अतिरिक्त कलेक्टर परसाराम, जिला परिषद अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी धनदान देथा, नगर परिषद आयुक्त ललित सिंह राठौड़, सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा और अन्य कार्मिक मौजूद रहे। मंच का संचालन सुरेंद्र सुमन और नीलम कटलाना ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *