चौथ माता मेले में कवियों ने हास्य और व्यंग्य की रचनाओं का जलवा बिखेरा

भास्कर न्यूज | चौथ का बरवाड़ा कस्बे में चल रहे चौथ माता के सात दिवसीय मेले के दौरान मंगलवार रात चौथ माता ट्रस्ट धर्मशाला में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आए लोगों को कवियों ने अपने हास्य एवं व्यंग की रचना सुनाकर लोटपोट कर दिया। इस दौरान तेज सर्दी के बावजूद लोग पूरी रात कवि सम्मेलन का आनंद लेने के लिए डटे रहे। इस दौरान मंदिर श्री चौथ माता ट्रस्ट द्वारा महिलाओं के लिए भी बैठने की अलग से व्यवस्था की गई। कवि सम्मेलन की शुरुआत मंदिर श्री चौथ माता ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा चौथ माता की प्रतिमा पर दीप जलाकर की गई। इसके बाद कवयित्री सपना सोनी ने चौथ माता एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ कवि सम्मेलन की शुरुआत की। इसके बाद कवियों ने हास्य और व्यंग्य की रचनाओं का जलवा बिखेरा। कवियों ने एक से बढ़कर एक हास्य-व्यंग्य की फूलझडिय़ों के बीच देशभक्ति का जज्बा श्रोताओं के बीच जगाया। इस दौरान वीर रस के कवि राजेंद्र पंवार देश के शहीदों को सलाम करते हुए लोगों में जज्बा भर दिया। वहीं लाफ्टर फेम मनोज गुर्जर ने हास्य रस की रचनाओं से श्रोताओं तालियां बटोरी। अन्य कवि अर्जुन अल्हड़, योगेंद्र शर्मा, बुद्धि प्रकाश दाधीच, अजातशत्रु ने कवि सम्मेलन में एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। साथ ही कवि सम्मेलन में इस बार लाफ्टर चैंपियन विजेता सुरेश अलबेला ने भी अपनी प्रस्तुति दी। उनकी हास्य रचनाओं ने लोगों को जमकर हंसाया। उन्होंने गीतों के माध्यम से भी वर्तमान व्यवस्था पर जमकर व्यंग्य किया। इस दौरान फाउंडेशन की ओर से सवाई माधोपुर के सबसे बुजुर्ग कवि ताऊ शेखावाटी को 21 हजार रुपए देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तहसीलदार नीरज सिंह ने भाग लिया। साथ ही कवि सम्मेलन में ट्रस्ट मंडल की ओर से सभी कवियों का स्वागत किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *