चौमूं की रेखा चौधरी बनी जज:RJS-2025 की वरीयता सूची में हासिल की 18वीं रैंक, माता-पिता के सपने को किया साकार

राजस्थान न्यायिक सेवा परीक्षा 2025 (RJS-2025) में चौमूं निवासी रेखा चौधरी ने 18वीं रैंक हासिल कर जज का पद प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से उन्होंने चौमूं का नाम रोशन किया है। रेखा चौधरी की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिवारजन, रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय लोग मिठाइयां खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। रेखा चौधरी की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया जा रहा है। उन्होंने निरंतर अध्ययन और परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। रेखा चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। वर्तमान में रेखा चौधरी आयुक्तालय जयपुर में विधि अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। पिछले साल भी उन्होंने इंटरव्यू दिया था, लेकिन मात्र 3 अंकों से उनका अंतिम चयन नहीं हो पाया था। चौमूं निवासी रेखा चौधरी के पिताजी लल्लूराम चौपड़ा खेती किसानी का काम करते हैं, और उनकी माता गृहिणी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *