बालाघाट के नगरीय क्षेत्र बूढ़ी स्थित सांदीपनी स्कूल में एक शिक्षक द्वारा कक्षा 6वीं के 7 छात्रों की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस घटना को माध्यमिक विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य चित्रा बोपचे ने दबाने का प्रयास किया। यह घटना 26 नवंबर की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, शिक्षक रामप्रसाद राहंगडाले ने सातों छात्रों को बेंच पर लिटाकर पीटा और कथित तौर पर उनका गला भी दबाया। बच्चों के स्कूल जाने से इनकार करने पर अभिभावकों को मारपीट की जानकारी हुई। इसके बाद बच्चों ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। विधायक से की शिकायत, स्कूल पहुंचीं अनुभा मुंजारे
घटना की जानकारी मिलने पर अभिभावकों ने स्थानीय विधायक अनुभा मुंजारे से संपर्क किया। गुरुवार को विधायक अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचीं और स्कूल प्रबंधन से जवाब तलब किया। उन्होंने प्रभारी प्राचार्य के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। मुख्य प्राचार्य को नहीं दी गई थी जानकारी
जांच के दौरान विधायक को पता चला कि मुख्य प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले को घटना की जानकारी ही नहीं दी गई। मिडिल स्कूल प्रबंधन ने जानबूझकर उन्हें इसकी सूचना नहीं दी थी। विधायक ने सवाल उठाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद उच्च अधिकारियों को क्यों अंधेरे में रखा गया। विधायक बोलीं- बच्चे स्कूल आने से डर रहे डीईओ ने कहा- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी कुमार उपाध्याय ने बताया कि उन्हें इस मामले की अब तक आधिकारिक जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मीडिया के माध्यम से ही मिली है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल से लिखित विवरण प्राप्त होता है और पेरेंट्स शिकायत दर्ज कराते हैं, तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


