छतरपुर के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। इस घटना में स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सिंचाई विभाग में कार्यरत अशोक आदिवासी, निवासी वार्ड क्रमांक 2 शंकर मोहल्ला, अपनी स्कूटी से कार्यालय जा रहे थे। बड़ामलहरा में राहुल स्पोर्ट्स दुकान के सामने उनकी स्कूटी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान का बोर्ड भी जल गया और स्कूटी पूरी तरह खाक हो गई। आग बुझाने का कोई अवसर नहीं मिल पाया। ‘वायु’ स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका अशोक आदिवासी के अनुसार, घटना से पहले वह अपनी ‘वायु’ नामक स्कूटी को एडगुवैक कंपनी के सर्विस सेंटर में जांच के लिए ले गए थे। उन्हें संदेह है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। पीड़ित ने बताया कि घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसे वह पुलिस को सौंपेंगे। इस हादसे में स्कूटी के साथ-साथ अशोक आदिवासी का ड्राइविंग लाइसेंस, अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज और लगभग 8700 रुपए नकद भी जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने यह इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी 15 अक्टूबर 2025 को जेन इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेडर्स से खरीदी थी। शिकायत आवेदन में स्कूटी का सीरियल नंबर भी दर्ज किया गया है। पीड़ित ने थाने में की शिकायत घटना के बाद पीड़ित अशोक आदिवासी ने बड़ामलहरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


