भास्कर न्यूज | लुधियाना डीएवी पब्लिक स्कूल पक्खोवाल रोड में सातवीं क्लास का वार्षिक दिवस समारोह आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में स्टूडेंट्स ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद स्टूडेंट्स ने कल्चरल प्रोग्राम पेश किया। देशभक्ति से भरे आर्मी डांस, शानदार लोक नृत्य, सूफी नृत्य, गंगा नृत्य और ड्रीमर एक्ट ने दर्शकों को बांधे रखा। साइबर क्राइम पर आधारित प्रस्तुति ने डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई। चार्ली चैपलिन के हास्य ने दर्शकों को खूब हंसाया। महाराणा प्रताप की वीरता को दमदार अभिनय के जरिए मंच पर जीवंत किया गया। कार्यक्रम का समापन भंगड़ा के साथ हुआ। अकादमिक पर्यवेक्षक जयदीप कौर ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया। प्रिंसिपल डॉ. सतवंत कौर भुल्लर ने छात्रों के समर्पण और प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।


