यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छेहरटा और सहरसा के बीच नई अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस ट्रेन के शुरू होने से लुधियाना सहित आस-पास के क्षेत्रों के यात्रियों को बिहार और उत्तर प्रदेश जाने के लिए सीधी और बेहतर रेल सेवा उपलब्ध होगी। रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 14628 छेहरटा से सहरसा के लिए प्रत्येक शनिवार रात 10:20 बजे खुलेगी। यह ट्रेन लुधियाना के ढंडारी कलां स्टेशन पर रात 1:25 बजे पहुंचेगी और 1:30 बजे रवाना होगी। लगभग 35 घंटे की यात्रा के बाद यह ट्रेन सहरसा पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 14627 सहरसा से छेहरटा के लिए प्रत्येक सोमवार दोपहर 1:00 बजे खुलेगी और ढंडारी कलां पर रात 11:58 बजे पहुंचेगी तथा 12:05 बजे रवाना होगी। लगभग 38 घंटे की यात्रा पूरी करने के बाद यह ट्रेन छेहरटा पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास के 8 कोच, जनरल क्लास के 11 कोच और पैंट्री कार की सुविधा दी गई है। रेलवे का कहना है कि इस ट्रेन से लुधियाना और आसपास के जिलों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए नया और आरामदायक विकल्प मिलेगा।


