भास्कर न्यूज | अमृतसर सरकार और पुलिस नशेड़ियों के खिलाफ लगातार कानूनी कार्रवाई करने का दावा कर रही है मगर नशेड़ी दिनदहाड़े बेखौफ होकर नशा कर रहे हैं। लगातार दूसरे दिन सोमवार को छेहर्टा चौक में नशा कर बैठे युवक का वीडियो सामने आया है। वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया। जांच में पता चला कि युवक शराब के नशे में था। उसने कोई हेरोइन या अन्य नशीले पदार्थ का नशा नहीं किया था। इससे पहले रविवार को मॉल मंडी में नशे से टीका लगाते 2 युवक दिखाई दिए थे। एसीपी शिव दर्शन ने बताया कि युवक की पहचान हो गई जो भल्ला कॉलोनी का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 21 साल है। वह पिता के साथ कपड़े की दुकान में काम करता है। उसने शराब का नशा किया था लेकिन छोटी उम्र को देखते हुए उसे नशा छुड़ाओ केंद्र में दाखिल करवा दिया है।


