जगदलपुर में महिला दिवस पर जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता:आयु वर्गों में होंगी स्पर्धाएं, विभिन्न खेलों का होगा आयोजन

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने 8 मार्च को जगदलपुर में जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया है। इस प्रतियोगिता में जिले की बालिकाएं और महिला खिलाड़ी उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता में बैडमिंटन, एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो और रस्साकसी जैसे खेल शामिल किए गए हैं। इन खेलों में दो आयु वर्ग बनाए गए हैं, जिसमें 9 से 18 वर्ष तथा 18 से 35 वर्ष की बालिकाएं और महिलाएं भाग ले सकेंगी। विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के तहत क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में वॉलीबॉल, खो-खो, रस्साकसी और एथलेटिक्स की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 400 मीटर दौड़ और तवा फेंक प्रतियोगिता शामिल रहेगी। वहीं इंदिरा स्टेडियम में फुटबॉल और बैडमिंटन मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। जिला स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विकासखंडों से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का समापन शाम 4 बजे क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में किया जाएगा, जहां विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *