रांची | जगन्नाथपुर मंदिर में बुधवार को वार्षिक उत्सव को मनाया जाएगा। मंदिर के प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव ने बताया कि जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति द्वारा पूरे मंदिर को फूलों से सजाया गया है। भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और बलभद्र स्वामी के साथ गरूड़ देव व मंदिर के सभी देवी-देवताओं को नवीन वस्त्र पहनाया जाएगा। वार्षिक उत्सव पर विष्णु सहस्त्रनाम का आयोजन किया गया है। दो हजार लोग जाप करेंगे। इसमें महिलाएं साड़ी और पुरुष धोती में होंगे। इसके लिए सभी सुबह 8 बजे अपने स्थान पर बैठ जाएंगे। सुबह 8.15 से विष्णु सहस्त्रनाम का जाप शुरू होगा। तुलसी पत्ता और गेंदा फूल से विष्णु जी का 1008 बार नाम का जाप होगा। उन्होंने बताया कि मंदिर में सालभर में दो बार वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जाता है। उन्होेंने बताया कि प्रातः 5 बजे सुप्रभातम श्री जगन्नाथ जी की दर्शन सुलभ, प्रातः 6 बजे आरती, 8 बजे से 8.30 बजे तक कलश पूजा व विष्णु पूजा की जाएगी। 8:30 बजे से 9:15 बजे गणपति हवन व विष्णु गायत्री हवन होगा।


