जगराओं के थाना हठूर पुलिस ने नशा और तस्करी के मामले में 5 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से हेरोइन बरामद की है। साथ ही एक आई-20 कार भी जब्त की गई है। पहले पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान अनमोल सिंह निवासी गांव रसूलपुर और लवप्रीत सिंह गोपी निवासी गांव नया डल्ला के रूप में हुई। थाना प्रभारी कुलजिंदर सिंह के अनुसार, गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के नाम बताए। पुलिस ने इन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरी, मनवीर सिंह उर्फ आलू (दोनों रसूलपुर के रहने वाले) और इकवाल सिंह कालू निवासी गांव झोरड़ा शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं। ये न केवल नशा करते थे बल्कि नशीले पदार्थों की तस्करी भी करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है।


