जनगणना 2027 को लेकर जिला स्तर पर कार्यशाला:कलेक्टर ने प्रशासनिक इकाइयों के सत्यापन व तैयारियों के दिए निर्देश

डीडवाना में आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला में प्रशासनिक इकाइयों की सूची और नक्शों के सत्यापन पर जोर दिया गया। जिला कलेक्टर डॉ. खड़गावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समय पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के लिए कहा। कार्यशाला के दौरान वर्ष 2011 के बाद प्रशासनिक सीमाओं में हुए परिवर्तनों की समीक्षा की गई। जिले की सभी तहसीलों, नगर परिषदों, नगरपालिकाओं और राजस्व ग्रामों के नक्शों का बारीकी से सत्यापन किया गया, ताकि जनगणना में कोई त्रुटि न हो। जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहायक निदेशक शशिकांत यादव ने बताया कि जनगणना-2011 की तुलना में इस बार प्रक्रिया पूरी तरह हाई-टेक होगी। डेटा संकलन के लिए कागजी प्रपत्रों की जगह मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और सटीक बनेगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जनगणना के दौरान सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग करें। इस कार्यशाला में अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया, सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नगर परिषद आयुक्त, अधिशाषी अधिकारी, सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक बाबूलाल और सहायक सांख्यिकी अधिकारी महेंद्र कुमार मीणा सहित कई संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *